Major varieties of Soybean (Glycine max) and their characteristics

Major varieties of Soybean (Glycine max) and their characteristics

सोयाबीन (ग्लाइसीन मैक्स) की प्रमुख किस्में और उनकी विशेषतायें

सोयाबीन एक दलहन कुल की मुख्य तिलहनी फसल है| इसमें 30-40 प्रतिशत प्रोटीन तथा 20-22 प्रतिशत तेल की मात्रा पाई जाती है| यह भोजन और पशु आहार के लिए प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत है| इसका वनस्पति तेल खाद्य व औधोगिक अनुप्रयोगों में उपयोग किया जाता है|

सोयाबीन एक प्रमुख खरीफ फसल है, इसकी बुआई जून-जुलाई में और कटाई सितम्बर-अक्टूबर में की जाती है| राजस्थान में इसकी खेती झालावाड़, कोटा, बारां, चित्तौडगढ़ आदि जिलों में की जाती है|

सोयाबीन की प्रमुख किस्में और उनकी विशेषतायें:

राजस्थान में उगाई जाने वाली सोयाबीन की विभिन्न किस्में जो सोयाबीन के उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है, निम्न प्रकार है –

1. पी. के. 472:

यह मध्यम आकार के पीले दानों वाली, मध्यम ऊँचाई (40 से. मी.) की किस्म हैं| सिंचित अवस्था में इस किस्म में 60-65 दिन में फूल आ जाते हैं और 100-115 दिन में फसल पककर तैयार हो जाती हैं|

इसकी औसत उपज असिंचित क्षेत्रों में 9-10 तथा सिंचित क्षेत्रों में 20-25 क्विंटल प्रति हैक्टर होती हैं

2. एन. आर. सी. 37:

इस किस्म के दानें पीले व उत्तम अंकुरण क्षमता वाले होते है तथा इसकी फलियों और पत्तियों पर सलेटी रंग के रोयें पाए जाते हैं| यह मध्यम ऊँचाई की 90-95 दिन में पकने वाली किस्म है|

यह जीवाणु पत्ती धब्बा, विषाणु व अन्य रोगों तथा गर्डल बीटल और अन्य पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति मध्यम प्रतिरोधी हैं| इसमें तेल की औसत मात्रा 17-18 प्रतिशत पाई जाती है और इसकी औसत उपज 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर होती हैं|

3. जे. एस. 335:

इस किस्म का दाना मध्यम आकार का काली नाभिका वाला पीले रंग का होता हैं| इसके फूल बैंगनी रंग के होते हैं तथा फलियां नहीं चटकती है| यह शीघ्र लगभग 95-100 दिन में पकने वाली किस्म हैं|

इसकी औसत उपज असिंचित क्षेत्रों में 15-20 तथा सिंचित क्षेत्रों में 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर होती हैं| यह उत्तम अंकुरण क्षमता वाली किस्म है| यह जीवाणु पत्ती धब्बा व अंगमारी रोगों के लिए प्रतिरोधी तथा मौजेक व तना मक्खी के लिए सहनशील हैं|

4. एम. ए. सी. एस. 450:

यह छोटे व पीले दानों वाली मध्यम ऊँचाई की शीघ्र पकने वाली (लगभग 95-100 दिन) किस्म हैं| इसकी औसत पैदावार 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर होती हैं| यह गर्डल बीटल और अन्य पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति सहनशील हैं तथा जीवाणु पत्ती धब्बा व अन्य रोगों के लिए मध्यम प्रतिरोधी हैं|

5. जे. एस. 93-05:

मध्यम ऊँचाई, संकरी पत्तियां, बैंगनी पुष्प व हल्के पीले रंग के दानें इस किस्म की प्रमुख विशेषता है| यह शीघ्र लगभग 85 दिन में पकने वाली तथा 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देने वाली किस्म है| यह जीवाणु पत्ती धब्बा रोग के लिए सहनशील तथा पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति मध्यम प्रतिरोधी हैं|

6. प्रताप सोया-1:

यह हल्के पीले रंग के गोलाकार दानें, बैंगनी पुष्प, औसत ऊँचाई व अच्छी अंकुरण क्षमता वाली किस्म हैं| यह 90-95 दिन में पककर तैयार हो जाती हैं तथा इसकी फलियां नही चटकती है| इसके बीजों में 18-20% तेल व 40-42% प्रोटीन पाई जाती है और इसकी औसत उपज 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर तक होती हैं|

यह गर्डल बीटल के लिए अत्यधिक प्रतिरोधी और तम्बाकू इल्ली व अन्य कीटो के प्रति मध्यम प्रतिरोधी हैं|

7. प्रताप सोया-2 (आर. के. एस. 18):

इस किस्म में तेल की मात्रा 18-20% तक पाई जाती है| यह अनुकूल वातावरण में 90-95 दिन में पक जाती है और 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है| यह गर्डल बीटल, तम्बाकू इल्ली और अन्य पत्ती खाने वाले कीटों तथा जीवाणु पत्ती धब्बा व अन्य रोगों के लिए मध्यम प्रतिरोधी हैं|

8. प्रताप सोया 45 (आर. के. एस. 24):

यह मध्यम आकार की किस्म है जिसके फूल सफ़ेद, मोटी, चौड़ी व गहरे हरे रंग की पत्तियां होती है और इनकी पत्तियों, फलियों व तने पर भूरे रंग के रोयें पाए जाते है| इसके दानें मध्यम आकार के गोल व हल्के पीले भूरे रंग की नाभिका वाले होते है| यह किस्म 95 से 98 दिन में पककर 25 से 30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है| यह जीवाणु पत्ती धब्बा, पीत्त विषाणु व तना गलन रोग तथा गर्डल बीटल, तम्बाकू इल्ली, तना मक्खी व अन्य पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति सहनशील हैं|

9. प्रताप राज 24 (आर. के. एस. 24):

मध्यम ऊँचाई, हल्के पीले रंग के दानें, भूरी नाभिका, सफ़ेद फूल, गहरे हरे रंग की पत्तियां और तने व फलियों पर भूरे रंग के रोयें पाए जाना इस किस्म की मुख्य विशेषता हैं| यह 95-100 दिन में पकने वाली तथा अनुकूल परिस्थितियों में 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर पैदावार देती है|

इस किस्म में तेल की मात्रा 21.5% तक पाई जाती है| यह जीवाणु पत्ती धब्बा, पित्त विषाणु व तना गलन रोग तथा गर्डल बीटल, तम्बाकू इल्ली, सेमी लूपर व अन्य पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति मध्यम प्रतिरोधी हैं|

10. एम. ए. यू. एस. 81:

मध्यम ऊँचाई, हल्के पीले रंग के दानें, बैंगनी फूल और तने, पत्तियों व फलियों पर भूरे रंग के रोयें पाए जाना इस किस्म की मुख्य विशेषता हैं| यह 100-105 दिन में पकने वाली तथा अनुकूल परिस्थितियों में 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर पैदावार देती है| यह जीवाणु पत्ती धब्बा व मौजेक तथा गर्डल बीटल व अन्य पत्ती खाने वाले कीटों के प्रति मध्यम प्रतिरोधी हैं|

11. जे. एस. 97-52:

मध्यम ऊँचाई की यह किस्म 98-102 दिन में पक जाती है और 25-30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है| इस किस्मे के फूल सफ़ेद रंग के तथा हल्के काले रंग की नाभिका वाले दानें होते है| इसकी पत्तियां, तने व फलियों पर रोयें पाए जाते है|

यह किस्म विभिन्न रोगों जैसे मौजेक व जड़ गलन तथा अनेक कीटों जैसे तना छेदक व पत्ती भक्षक कीटों के लिए सहनशील होती है|

12. जे. एस. 95-60:

अधिक अंकुरण क्षमता वाली, मध्यम ऊँचाई की यह किस्म 85 से 88 दिन में पककर 20 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है| मोटा पीले रंग का दाना, हल्की भूरी नाभिका, रोयें रहित पत्तियां, तने व फलियां इस किस्म के मुख्य गुण है| यह किस्म विभिन्न बहुपर्णिय रोगो व जड़ गलन तथा अनेक कीटों जैसे पत्ती रसचुसक व पत्ती भक्षक कीटों के लिए सहनशील होती है|

13. जे. एस. 20-34:

इसके दानें पीले रंग के मध्यम आकार व काली नाभिका वाले होते है| मध्यम ऊँचाई वाली यह किस्म 85 से 90 दिन में पककर 20 से 25 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है| यह विभिन्न रोगों और कीटो के लिए सहनशील पाई गयी है|           

14. जे. एस. 20-29:

इस किस्म के फूल सफ़ेद व गहरे हरे रंग की पत्तियां होती है और इनकी पत्तियों, फलियों व तने पर पीले भूरे रंग के रोयें पाए जाते है| इसके दानें पीले, बड़े आकार के, गोल व काले रंग की नाभिका वाले होते है|

मध्यम ऊँचाई वाली यह किस्म 90-95 दिन में पककर तैयार हो जाती है और 20 से 25 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है|

15. आर. के. एस. 113:

मध्यम ऊँचाई की यह किस्म 98-102 दिन में पक जाती है और 22-25 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है| इस किस्म में तेल की मात्रा 18-19% तक पायी जाती है| इस किस्मे के फूल बैंगनी रंग के तथा पीले, मध्यम आकार के व हल्के भूरे रंग की नाभिका वाले दानें होते है|

इसके तने व फलियों पर भूरे रंग के रोयें पाए जाते है| यह किस्म विभिन्न रोगों जैसे मौजेक, रोली रोग, जीवाणु पत्ती धब्बा व जड़ गलन तथा अनेक कीटों जैसे तना मक्खी, चैंपा, पर्ण सुरंग, तना छेदक व पत्ती भक्षक कीटों के लिए सहनशील होती है|

16. जे. एस. 72-44:

यह किस्म 95 -105 दिन में पक जाती है और 25 से 30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है| इसका पौधा सीधा व लम्बा होता है|

17. जे. एस. 90-41:

यह किस्म 90 -100 दिन में पक जाती है| इसके पुष्प बैंगनी रंग के होते है और यह 25 से 30 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत उपज देती है|

18. समृद्धि:

इस किस्मे के फूल बैंगनी रंग के तथा व हल्के भूरे रंग की नाभिका वाले पीले रंग के दानें होते है| यह 93 -100 दिन में पक जाती है और 20 से 25 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है|

19. अहिल्या 3:

इस किस्मे के फूल बैंगनी व पीले रंग के दानें होते है| यह 90 -99 दिन में पककर  25 से 35 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है| यह विभिन्न रोगों और कीटो के लिए प्रतिरोधी पाई गयी है|

20. अहिल्या 4: 

यह 100-105 दिन में पकने वाली किस्म है| इस किस्मे के फूल सफ़ेद व दानें पीले रंग के होते है| इससे औसत 20-25 क्विंटल प्रति हैक्टर पैदावार प्राप्त होती है|

21. इंदिरा सोया 9: बैंगनी फूल व पीले दानों वाली यह किस्म 110 से 115 दिन में पककर  22 से 25 क्विंटल प्रति हैक्टर औसत पैदावार देती है|


Authors

राजवन्ती सारण

पादप प्रजनन एवं आनुवंशिकी विभाग,

राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा, जयपुर-302018 (राजस्थान)

Email: rajwantisaran@gmail.com

Related Posts

Seed Treatment: The First Step to a...
बीज उपचार: भरपूर फसल की ओर पहला कदम Seed treatment is...
Read more
soybean crop in fieldsoybean crop in field
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में प्राकृतिक...
Effect of climate on growth and yield of soybean under...
Read more
Precise cultivation of Soybean
सोयाबीन की सटीक खेती  सोयाबीन को बोनलेस मीट भी कहते है,...
Read more
Precision farming of Soya bean
सोयाबीन की सटीक खेती  सोयाबीन को बोनलेस मीट भी कहते है,...
Read more
Soybean crop in fieldSoybean crop in field
सोयाबीन फसल एवं उसके 6 प्रमुख कीट
Soybean Crop and its 6 Major Insects सोयाबीन (ग्लाइसिन मैक्स), जिसे...
Read more
Soybean crop in fieldSoybean crop in field
सोयाबीन की उन्नत खेती : किसानो के...
Improved cultivation of Soybean: Boon for Farmers सोयाबीन खरीफ मौसम की एक...
Read more
rjwhiteclubs@gmail.com
rjwhiteclubs@gmail.com